श्रीमती मेनका संजय गांधी ने नई दिल्ली में भारतीय महिला राष्ट्रीय जैविक उत्सव का उद्घाटन किया


उत्‍सव में देशभर की महिला जैविक किसान भाग ले रही हैं


  महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती मेनका संजय गांधी ने आज नई दिल्‍ली के  इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में पांचवे भारतीय महिला राष्ट्रीय जैविक उत्सव का उद्घाटन किया। यह उत्‍सव जैविक कृषि के क्षेत्र में देशभर की महिला उद्यमियों/उत्‍पादकों तथा किसानों को प्रोत्‍साहित करता है।
श्रीमती मेनका गांधी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में पांचवी बार इस जैविक उत्‍सव का आयोजन किया गया है और प्रत्‍येक वर्ष इसे लोगों का समर्थन मिल रहा है। उन्‍होंने कहा कि उनके मंत्रालय का प्रयास परिवर्तन का हिस्‍सा बनना और साथ-साथ महिलाओं को सशक्‍त बनाना है।
महिला और बाल विकास मंत्री ने जैविक उत्‍पादों वाले त्‍यौहारी उपहारों को प्रोत्‍साहित किया और दिल्‍ली के लोगों से कहा कि वे जैविक उत्‍पादों वाले उपहार दें। ये उपहार लोगों के परिजनों के स्‍वास्‍थ्‍य के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त करते हैं। उन्‍होंने बताया कि इस तरह के उत्‍सव अन्‍य शहरों में भी आयोजित किये जा रहे है और बड़े पैमाने पर अहमदाबाद, मुम्‍बई और चेन्‍नई में आयोजित किये गये हैं। उत्‍सव में भाग लेने वाली उद्यमियों और किसानों को महिला और बाल विकास मंत्रालय की ई-मार्किटिंग पोर्टल महिला-ई-हाट पर बेचने के लिए प्रोत्‍साहित किया जा रहा है।
यह जैविक उत्सव 26 अक्तूबर से 04 नवंबर, 2018 तक चलेगा, जिसमें 26 राज्यों के जैविक वस्तुओं के उत्पाद और निर्माता हिस्सा ले रहे हैं। लेह से कन्याकुमारी और कोहिमा से कच्छ तक की 500 से अधिक महिला उद्यमी एक साथ अपने जैविक उत्पादों को पेश कर रही हैं। इन उत्‍पादों में चावल की 1200 किस्में, बाजरा, अनाज, दाल, मसाले, चिल्ली चॉकलेट, कद्दू के बीज, कुकीज, अचार, जाम, चटनी, जूस, सूखे फल, जैविक आईसक्रीम, तैयार भोजन, तेल, शहद, चाय, कॉफी, खुम्बी, जड़ी-बूटी, प्रसाधन, खुशबूदार उत्पाद, सौर उत्पाद, रसोई के कचरे से बनी खाद, जैविक बीज, जैविक सूती कपड़े, सूती कपड़े, बीजों से बने आभूषण, आसव, गाय के गोबर से बना एयर-प्यूरीफायर एवं अन्य उत्पाद शामिल हैं।